लखनऊ में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा

भाजपा का महिला और युवा वोटरों पर फोकस, 5 दिसंबर तक गांव-गांव लगेंगी चौपाल

भाजपा कोर कमेटी में यूपी चुनाव की रणनीति तय। महिला और युवा वोटरों पर फोकस, 5 दिसंबर तक गांव-गांव चौपाल, दिसंबर से मोदी-शाह के दौरे। पूरी खबर पढ़ें।

भाजपा का महिला और युवा वोटरों पर फोकस, 5 दिसंबर तक गांव-गांव लगेंगी चौपाल

लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा महिलाओं और युवाओं को साधने में पूरी ताकत लगाएगी। पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सोमवार को हुई कोर कमेटी की बैठक में यूपी भाजपा चुनाव रणनीति पर बड़ा मंथन हुआ। बैठक में तय किया गया कि पूरी पार्टी महिलाओं और युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने और उन्हें पार्टी के पाले में लाने की कवायद में जुटेगी।

कोर कमेटी की बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ

कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शामिल हुए। बैठक में शीर्ष नेताओं के दौरे की तैयारियों, चौपाल अभियान और मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों को शामिल कराने पर भी सहमति बनी।

महिला और युवा वोटरों पर विशेष फोकस

सूत्रों के अनुसार, महिलाओं और युवाओं पर पार्टी का विशेष ध्यान होगा। इन्हें अपने पाले में लाने के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रसार किया जाएगा।

भाजपा जेन-जी युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संवाद की श्रृंखला तैयार करने की योजना है।

दिसंबर से शुरू होंगे मोदी-शाह के दौरे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर से प्रदेश में प्रचार अभियान शुरू करेंगे। उनके कार्यक्रम भी जल्द जारी होने वाले हैं। कोर कमेटी की बैठक में इसकी तैयारियों को लेकर मंथन किया गया।

5 दिसंबर तक लगेंगी चौपाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें गांव-गांव में चौपाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। 5 दिसंबर तक ये चौपाल लगाई जानी हैं।

सभी विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्र में 50 और सभी सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र में 10 चौपाल लगानी है। जिन सीटों पर भाजपा के विधायक नहीं हैं वहां राज्यसभा सांसद, विधान परिषद सदस्य चौपाल लगाएंगे। इसकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी।

चौपालों में पार्टी की नीतियों का तो प्रसार होगा ही, विपक्ष के नैरेटिव का भी मजबूती से खंडन किया जाएगा। चौपालों में भी महिला, युवा और अन्य वर्ग समूहों के साथ बातचीत होगी।

Exit mobile version