सिमरावारी ग्राम पंचायत में कचरा संग्रहण के लिए सफाई व्यवस्था

सिमरावारी में पंचायत उठाएगी कचरा, 289 दुकानदार देंगे हर महीने 50 रुपये

सिमरावारी में पंचायत उठाएगी कचरा, 289 दुकानदार देंगे हर महीने 50 रुपये

झांसी। स्वच्छता की पहल के साथ ग्राम पंचायत अब अपनी आय बढ़ाने की तैयारी में है। जनपद मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर बबीना ब्लॉक की सिमरावारी ग्राम पंचायत में व्यापारिक प्रतिष्ठानों से कचरा संग्रह करने और प्रबंधन का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। इसके तहत पंचायत क्षेत्र के 289 व्यापारिक प्रतिष्ठानों से हर महीने 50 रुपये शुल्क लिया जाएगा। बदले में इन प्रतिष्ठानों से नियमित कचरा उठाया जाएगा।

सिमरावारी ग्राम पंचायत कचरा संग्रहण की यह योजना जनपद में अपनी तरह की पहली पहल मानी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे गांव में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और पंचायत को विकास कार्यों के लिए नियमित आय भी मिलेगी।

24 ग्राम पंचायतों के सर्वे में चुनी गई सिमरावारी

ग्राम पंचायतों को स्वच्छ बनाने के लिए जनपद की 24 ग्राम पंचायतों का सर्वे कराया गया था। इनमें सिमरावारी को विशेष स्वच्छता अभियान के लिए चुना गया।

नगर निगम झांसी से सटे होने, बड़े क्षेत्रफल और अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठान होने के कारण इसे प्राथमिकता दी गई है। पायलट प्रोजेक्ट के लिए बबीना ब्लॉक के रक्सा, सिमरावारी, बबीना रूरल, खैलार और काली पहाड़ी सहित अन्य गांवों का सर्वे किया गया।

इसके अलावा बड़ागांव ब्लॉक के अंबाबाय, फुटेरा और बरुआसागर तथा बामौर ब्लॉक के बामौर और मंडोरी को भी इसमें शामिल किया गया था। बंगरा, सकरार, उल्दव, देवरी सिंह का पुरा, चिरगांव, गुरसराय, मऊरानीपुर और मोंठ क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का भी सर्वे कराया गया। इनमें सिमरावारी को इस योजना के लिए सबसे उपयुक्त पाया गया।

289 व्यापारिक प्रतिष्ठानों से हर महीने मिलेगा शुल्क

सिमरावारी में सब्जी की दुकानें, राशन की दुकानें, ठेले, विवाह घर, ऑटोमोबाइल, फर्नीचर की दुकानें, मिठाई की दुकानें और मेडिकल स्टोर सहित कुल 289 व्यापारिक प्रतिष्ठान बताए गए हैं।

इनसे प्रति माह 50 रुपये शुल्क लेने पर पंचायत को 14,450 रुपये की आय होगी। अधिकारियों के मुताबिक, इन प्रतिष्ठानों से प्रतिदिन करीब ढाई टन कचरा निकलने का अनुमान है।

पंचायत की ओर से मिलने वाले शुल्क और परियोजना से होने वाली आय का इस्तेमाल विकास कार्यों में करने की योजना है।

सूखा और गीला कचरा होगा अलग-अलग एकत्र

कचरा संग्रहण के लिए सफाईकर्मियों और वाहनों की व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त वाहन भी लगाए जाएंगे।

प्रतिष्ठानों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। इसके बाद इसे नगर निगम के बिजौली स्थित आरआरसी केंद्र पहुंचाया जाएगा। वहां कचरे से खाद बनाने के साथ अन्य उपयोग किए जाएंगे।

डीपीआरओ ने दी जानकारी

जनपद के विभिन्न ब्लॉकों की 24 ग्राम पंचायतों का सर्वे कराया गया था। इनमें सिमरावारी को विशेष स्वच्छता अभियान के लिए चुना गया है। इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है।

  • डॉ. बालगोविंद श्रीवास्तव, डीपीआरओ

अधिकारियों का मानना है कि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा तो इसे जनपद की अन्य ग्राम पंचायतों में भी लागू किया जा सकेगा। फिलहाल सिमरावारी में व्यवस्था को सुचारु रूप से शुरू करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

Exit mobile version