Lucknow Eco Garden me 68500 shikshak bharti abhyarthi video call par bhai dooj manate hue

लखनऊ में 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल, वीडियो कॉल पर मनाया भाई दूज

लखनऊ ईको गार्डन में 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का 72 दिन से धरना जारी। भूख हड़ताल शुरू, वीडियो कॉल पर मनाया भाई दूज, बहन बोली- भैया घर कब आओगे।

लखनऊ में 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल, वीडियो कॉल पर मनाया भाई दूज, रोते हुए बहन बोली- भैया घर कब आओगे

लखनऊ। लखनऊ के ईको गार्डन में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का आंदोलन अब 72वें दिन में पहुंच गया है। मांग पूरी न होने पर अभ्यर्थियों ने अब भूख हड़ताल शुरू कर दी है। धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने इस बार भाई दूज भी घर पर नहीं, बल्कि धरनास्थल पर ही मनाया।

घर नहीं जा सके तो अभ्यर्थियों ने वीडियो कॉल के जरिए बहनों से बात कर त्योहार मनाया। इस दौरान एक अभ्यर्थी की बहन भावुक होकर रो पड़ी और बोली- भैया घर कब आओगे? इस सवाल का अभ्यर्थियों के पास कोई जवाब नहीं था।

अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार और अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें घर-परिवार छोड़कर धरना देना पड़ रहा है। उन्होंने ऐलान किया है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा, चाहे इसके लिए अंतिम सांस तक लड़ना पड़े।

3 महीने से घर से दूर हैं अभ्यर्थी

धरने पर बैठे नवीन चौधरी ने बताया कि वह मुरादाबाद से आए हैं और पिछले 3 महीने से घर छोड़कर ईको गार्डन में ही रह रहे हैं।

उन्होंने कहा, रक्षाबंधन पर भी घर नहीं जा सका, दशहरा भी यहीं मनाया, दिवाली भी इसी ईको गार्डन में मनाई और अब भाई दूज भी यहीं मना रहे हैं। बूढ़े माता-पिता को अकेला छोड़कर मजबूरी में यहां पड़े हुए हैं।

नवीन ने भावुक होकर कहा, जब बुजुर्ग मां-बाप फोन करके पूछते हैं कि घर कब आओगे, नौकरी कब लगेगी, तो कोई जवाब नहीं रहता, सिर्फ आंसू निकलते हैं। हमने ठान लिया है, या तो कफन में जाएंगे या नियुक्ति लेकर उठेंगे। नियुक्ति या फिर मुक्ति, इससे कम में कोई समझौता नहीं होगा।

मंत्री-अधिकारियों ने भी माना घोटाला

धरने पर बैठे आशुतोष ने बताया कि उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए ही दशहरा, दिवाली और अब भाई दूज मनाया। अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ही परिवार से संपर्क का एकमात्र जरिया बचा है। इस नौकरी के संघर्ष ने उन्हें परिवार और त्योहारों से दूर कर दिया है।

आशुतोष ने बताया कि 10 सितंबर को उनकी मुलाकात बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के साथ हुई थी। बैठक में बेसिक और माध्यमिक विभाग के तमाम अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में दोनों मंत्रियों और अधिकारियों ने भी स्वीकार किया कि भर्ती में घोटाला हुआ है।

उन्होंने कहा, जब राज्य पिछड़ा आयोग ने मान लिया, राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग ने मान लिया और अब सरकार में बैठे मंत्री-अधिकारी भी स्वीकार कर रहे हैं कि घोटाला हुआ है, तो फिर हमें रोजगार क्यों नहीं मिल रहा? अब तो मंत्री भी हमसे मिलने और बात करने को तैयार नहीं हैं।

8 साल से चप्पल घिस रहे हैं

धरना दे रहे उत्कर्ष ने कहा कि वह पिछले 8 साल से नौकरी के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में बड़े स्तर पर आरक्षण घोटाला हुआ है। राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी आरक्षण में गड़बड़ी की बात मानते हुए नियमों का पालन करने का आदेश दिया है।

उत्कर्ष ने कहा, हमारी मांग है कि आयोग के आदेशों का पालन किया जाए। वर्ष 2018 में भर्ती निकली थी, तभी हमने फॉर्म भरा था। इसके बाद से आज तक नौकरी की उम्मीद में 8 साल से सिर्फ चप्पल घिस रहे हैं। त्योहार के समय धरना देना बहुत दुख की बात है, मगर मजबूरी में करना पड़ रहा है।