झांसी के मोंठ तहसील के कुम्हरार गांव में बनने वाला मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय

झांसी में CM मॉडल कंपोजिट स्कूल की जगह बदली, गरौठा की जमीन खारिज, अब मोंठ के कुम्हरार में बनेगा स्कूल

झांसी में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए गरौठा की जमीन अनुपयुक्त पाई गई। 2.50 करोड़ के अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए अब मोंठ तहसील के कुम्हरार गांव की 4.848 हेक्टेयर जमीन पर स्कूल बनेगा। जानिए पूरी रिपोर्ट।

झांसी से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण को लेकर लोकेशन बदल दी गई है। पहले ये स्कूल गरौठा में बनना था, लेकिन अब ये स्कूल मोंठ तहसील के कुम्हरार गांव में बनेगा। क्यों बदली गई जगह? आइए जानते हैं पूरी ग्राउंड रिपोर्ट।

शासन के निर्देश पर प्रदेश के हर जिले की एक तहसील में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण होना है। झांसी में इसके लिए कार्यदायी संस्था यूपीसीडको को जिम्मेदारी दी गई थी। यूपीसीडको ने दो जगह जमीन चिह्नित की थी। एक गरौठा तहसील के गरौठा खास में और दूसरी मोंठ तहसील के ग्राम कुम्हरार में।

1 नवंबर को यूपीसीडको के सहायक अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अवर अभियंता अंकित कुमार यादव और बेसिक शिक्षा विभाग के डीसी निर्माण रमेश चंद्र पहारिया की टीम ने दोनों जगहों का स्थलीय निरीक्षण किया।

गरौठा खास की जमीन निरीक्षण में अनुपयुक्त पाई गई। जमीन लखेरी नदी से सटी हुई है, जो मुख्य सड़क से करीब 25 फीट गहरी है। जमीन ऊंची-नीची है, आसपास बड़े-बड़े मिट्टी के टीले हैं और नाला भी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यहां स्कूल बनाने से पहले पेड़ों की कटाई, मिट्टी की कटाई-भराई, समतलीकरण, सड़क निर्माण और नाला पार करने की व्यवस्था करनी पड़ती। बरसात में जलभराव का भी खतरा था। इन सब पर करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च होने का अनुमान था। इसलिए यहां स्कूल बनाना उचित नहीं माना गया।

वहीं मोंठ के कुम्हरार गांव की जमीन हर पैमाने पर उपयुक्त मिली। यहां कुल 4.848 हेक्टेयर जमीन है। जमीन पर किसी तरह का कानूनी विवाद नहीं है। सीमांकन भी पूरा हो चुका है।

ये जमीन कुम्हरार मार्ग से करीब 800 मीटर अंदर और कानपुर-झांसी हाईवे से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां तक पहुंचने का मार्ग सुगम है और बच्चों के आवागमन के लिए वातावरण भी उपयुक्त है।

संयुक्त निरीक्षण के बाद यूपीसीडको और बेसिक शिक्षा विभाग ने कुम्हरार में ही स्कूल बनाने की संस्तुति कर दी है। रिपोर्ट जिला प्रशासन और यूपीसीडको मुख्यालय को भेज दी गई है।

तो झांसी को अब अपना CM मॉडल कंपोजिट विद्यालय मोंठ में मिलेगा। मोंठ क्षेत्र के बच्चों के लिए ये किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

Exit mobile version