Jhansi bike accident, Dumper se takrayi bike, Jhansi me 3 dosto ki maut

झांसी में दर्दनाक हादसा: शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे 3 दोस्तों की मौत, खड़े डंपर में घुसी तेज रफ्तार बाइक

झांसी: ललितपुर-रक्सा बाईपास पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दुर्गापुर के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

बहन की शादी का कार्ड बांटने गए थे तीनों दोस्त

मृतकों की पहचान पुलिया नंबर नौ निवासी राज (15), हर्ष (23) और आयुष (23) के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, राज की इकलौती बहन काजल की शादी 25 नवंबर को होनी है। इसी शादी के कार्ड बांटने के लिए राज अपने दोस्तों हर्ष और आयुष के साथ बाइक से ललितपुर के तालबेहट गया था।

तीनों वहां से कार्ड बांटकर झांसी वापस लौट रहे थे। दुर्गापुर के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

तेज रफ्तार बनी मौत की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। डंपर में टकराते ही बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों दोस्त सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।

एंबुलेंस से तीनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। राज की बहन की शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version