विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भोजला मंडी में पोलिंग पार्टियों की आवाजाही, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण।
झांसी: झांसी में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं DM गौरांग राठी ने मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को भोजला मंडी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी, EVM रखने के लिए स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
भोजला मंडी में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान DM गौरांग राठी ने EVM को सुरक्षित रखने के लिए बनाए जाने वाले स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम में विद्युत और पानी के कनेक्शन की जांच कर अनावश्यक संयोजनों को तत्काल हटाया जाए, ताकि EVM की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने स्ट्रांग रूम की खिडकियों और दरवाजों को पूरी तरह बंद रखने तथा सुरक्षा के दृष्टिगत उसके सामने बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्ट्रांग रूम के पास अभिलेख रखने के लिए अलग कक्ष बनाया जाए। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने के लिए भी अलग कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था पहले से पूरी करने को कहा।
24 घंटे CCTV कैमरों से होगी स्ट्रांग रूम की निगरानी
EVM की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए DM ने स्ट्रांग रूम में CCTV कैमरों की व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए लगाए जाने वाले सभी CCTV कैमरे 24 घंटे संचालित रहें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी के रोड मैप का परीक्षण
भोजला मंडी के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक भेजने और मतदान के बाद उनकी वापसी के लिए तैयार किए गए रोड मैप का मौके पर परीक्षण किया।
उन्होंने वाहनों की व्यवस्था और मंडी परिसर में उनके आवागमन की स्थिति देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों के वाहनों के आने-जाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदान के बाद EVM को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने और जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
EVM डिस्पैच के लिए बिंदुवार ड्यूटी लगाने तथा तैनात कर्मचारियों के पहचान पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति देने के निर्देश भी दिए गए।
पेयजल, शौचालय और कैंटीन व्यवस्था का भी लिया जायजा
DM गौरांग राठी ने भोजला मंडी में चुनावी प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और पोलिंग पार्टियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और खानपान के लिए कैंटीन की व्यवस्था देखी। साथ ही निर्देश दिए कि मतदान और मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एके गुप्ता, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण रजनीश कुमार गुप्ता, मंडी सचिव बबलू कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग संदीप कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
झांसी जिला प्रशासन विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए भोजला मंडी में पोलिंग पार्टियों की रवानगी, वापसी, EVM की सुरक्षा और मतगणना से जुडी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है।
