झांसी-ललितपुर हाईवे पर 100 फीट लंबी टरबाइन फंसी, एक घंटे तक लगा जाम
झांसी-ललितपुर हाईवे पर शुक्रवार शाम सिजवाहा तिराहे के पास 100 फीट लंबी और 18 फीट ऊंची विशालकाय टरबाइन लेकर जा रहा ट्रक फंस गया। इससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। ट्रक के निकलने के बाद ही हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
सिजवाहा तिराहे पर कैसे फंसा ट्रक
हरिद्वार से छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित डैम के लिए टरबाइन ले जाई जा रही थी। इसे तीन ट्रकों के सहारे ले जाया जा रहा था। सिजवाहा तिराहे पर मोड़ के दौरान ट्रक फंस गया। इसके बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम के दौरान ट्रक के नीचे से गुजरे छोटे वाहन
जाम के दौरान छोटे वाहन ट्रक के नीचे से होकर गुजरते रहे। जाम लगने की सूचना पर रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह वाहनों को रोककर ट्रक को आगे के लिए रवाना कराया।
ओवरब्रिज निर्माण से संकरा हुआ रास्ता
सिजवाहा तिराहे पर 1800 मीटर लंबे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते सड़क का रास्ता संकरा हो गया है। इसी दौरान विशालकाय टरबाइन लेकर पहुंचा ट्रक मोड़ पर फंस गया।
बिना रूट मैप के ले जाया जा रहा था वाहन
हाईवे निर्माण कंपनी के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर रवि शर्मा के मुताबिक इतने बड़े उपकरणों को ले जाने से पहले नियमानुसार रूट मैप लिया जाता है, लेकिन बिना रूट मैप लिए ही वाहन ले जाया जा रहा था। इस वजह से यह स्थिति बनी। सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह के मुताबिक कंपनी की ओर से पहले कोई सूचना नहीं दी गई थी।
ट्रक के निकलने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
